मकरोनिया बटालियन के पास स्थित वैदिक वाटिका से मकरोनिया चौराहा तक सागर सांसद डॉ लता वानखेड़े के नेतृत्व में महिलाओं द्वारा सिंदूर ऑपरेशन के तहत ऐतिहासिक सैन्य सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा वैदिक वाटिका से प्रारंभ होकर मकरोनिया चौराहे तक पहुँची, जहाँ भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इसका समापन किया गया।
तिरंगा यात्रा में शामिल महिलाएं हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष करते हुए पूरे जोश से चल रही थीं, महिलाओं ने इस यात्रा में विशेष भूमिका निभाई, उन्होंने नारी शक्ति और देशभक्ति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया । यात्रा का जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर यात्रा में शामिल महिलाओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा, “हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और भारत की तीनों सेनाओं के असाधारण पराक्रम के फल स्वरुप भारत विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है पाकिस्तान जैसे आतंक समर्थक देश अब भारत के पराक्रम के सामने टिक नहीं पा रहा है और हमने पाकिस्तान को यह दिखा दिया है कि जो हमें छेड़ेगा नहीं,उससे हम बोलेंगे नहीं और जो हमें छेड़ेगा उसको घर में घुसकर मारेंगे । इसी नीति के तहत हमने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारा है, यह हमारे जवानों की वीरता और मोदी जी की रणनीतिक कुशलता का परिणाम है।” उन्होंने यह भी कहा कि आज का भारत नारी शक्ति को समान सम्मान और अवसर दे रहा है। महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है और यह तिरंगा यात्रा उसी का प्रतीक है।
डॉ. वानखेड़े ने आगे कहा कि इस तरह की यात्राएं सिर्फ उत्सव नहीं हैं, बल्कि यह संदेश देती हैं कि हम सब देश के लिए एक हैं, एकजुट हैं और हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव, पूर्व जिला अध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर, रामेश्वर नामदेव, निकेश गुप्ता, उमेश सिंह केवलारी, मनीष नेमा, विजय जड़िया, रूपेश जड़िया, नंदू वाल्मीकि सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया ।
