सागर विधायक सराफा व्यापार को लेकर चिंतित

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने शून्यकाल के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जनहित मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने प्रदेश के सराफा व्यापारियों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से शस्त्र लाइसेंस प्रदान किए जाने की मांग की है।

विधायक जैन ने विधानसभा अध्यक्ष को प्रेषित शून्यकाल सूचना में कहा कि सराफा व्यापारी अत्यधिक मूल्यवान सोना, चांदी व आभूषणों का कारोबार करते हैं, जिससे वे अपराधियों की नजर में रहते हैं। विगत वर्षों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लूट, चोरी, डकैती जैसी घटनाओं में सराफा व्यापारियों को जानमाल की हानि उठानी पड़ी है।

मध्यप्रदेश के सराफा व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस प्रदान किये जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से नीति बनाकर शस्त्र लाइसेंस की पात्रता सरल की जाए, जिससे व्यापारी वर्ग आत्मरक्षा में सक्षम हो सके। इस विषय पर विधायक जैन ने अध्यक्ष महोदय से अनुमति लेकर सदन का ध्यान आकर्षित करने का आग्रह किया।

सराफा व्यापारी मूल्यवान वस्तुओं के कारण बार-बार अपराधों के शिकार बन रहे हैं। कई जिलों में हत्या, लूटपाट, दिनदहाड़े हमले जैसी घटनाएँ बढ़ी हैं। व्यापारियों की सुरक्षा अब राज्य सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

अन्य प्रदेशों में इस तरह के व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की विशेष नीति है, मध्यप्रदेश में भी ऐसा हो।