ताशकंद में आयोजित अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) की पांच दिवसीय बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर सागर लौटने पर सांसद डॉ. लता वानखेड़े का उनके गृह नगर सागर में भव्य स्वागत किया गया।
जैसे ही प्रातः 8:30 बजे वे ट्रेन द्वारा सागर स्टेशन पहुंचीं तो उनके स्वागत के लिए स्टेशन पर मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव, पूर्व विधायक भानु राणा, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर, सहित पार्टी के मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों की संख्या में मौजूद पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला और पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
मकरोनिया चौराहा पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, नगर पालिका के पार्षदों और पार्टी के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका ज़ोरदार स्वागत किया और आतिशबाजी की गई तथा सांसद वानखेड़े द्वारा विदेश में भारत का सफल प्रतिनिधित्व करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सांसद ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ताशकंद में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गौरव की बात है जहां भारत की संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के विकास की गति को मजबूती से प्रस्तुत करने का अवसर मिला, आप लोगों द्वारा दिया गया यह प्रेम और सम्मान पाकर बेहद खुशी हुई है जिसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सांसद अपने निवास पहुंची जहां उनके पारिवारिक सदस्यों और पड़ोसी महिलाओं ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दी।

