निगम आयुक्त के रंग ला रहे प्रयास

सागर शहर स्वच्छता और सौन्दर्यीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटाकर गार्बेज पॉइंट को चिन्हित कर साफ किया जा रहा है और साफ-सफाई के बाद उपलब्ध स्थल का आकर्षक सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है।

निगमायुक्त श्री खत्री के निर्देशानुसार शहर के मुख्य चौराहों में से एक पीली कोठी चौराहे का अवैध अतिक्रमण टायर पंचर की दुकानों आदि को हटाया गया। उक्त दुकानों टपरों के आस-पास हमेशा कचरा गंदगी आदि एकत्र होता रहता था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुये पीली कोठी जैसे शहर के मुख्य चौराहे के इस स्वच्छता की दृष्टि से ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर समाप्त करने के लिए आकर्षक स्टेप फाउंटेंन बनाया गया। पीली कोठी जंक्शन का पुनर्विकास सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं नगर निगम सागर द्वारा किया गया। नगर निगम द्वारा नवनिर्मित स्टेप फाउंटेंन अपनी रंगबिरंगी लाइटिंग और आकर्षक बनावट के कारण नागरिकों को आकर्षित कर रहा है। यह विशाल फाउंटेंन नेशनल क्लीन एयर प्रोगाम के अंतर्गत महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। इस आकर्षक झरने का बहता हुआ पानी चौराहे के आसपास जलवायु में घुलने वाले धूलकणों को अवशोषित कर सकेगा और यहां की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। इस चौराहे के एक ओर मिट्टी की पठारनुमा आकृति बनाकर घास और पेड़ पौधों से सजाया गया है इस आकृति के बीच सूर्य नमस्कार की आकर्षक प्रतिमाओं को लगाया गया है। ये प्रतिमायें यहां से आते जाते गुजरने वाले राहगीरों को योग से निरोग का संदेश देते हुये स्वच्छ सागर, स्वस्थ्य सागर हेतु प्रेरित कर रहीं हैं।