सागर : झील से अवैध सिंचाई कर रही मोटर जब्त

निगमायुक्त के निर्देशानुसार उपायुक्त के साथ निगम अमले ने झील की पेरीफेरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंगा मंदिर रानीपुरा क्षेत्र की ओर झील में इलेक्ट्रिकल सिंचाई मोटर डालकर अवैध सिंचाई करते पाये जाने पर एक स्थानीय निवासी पर कार्यवाही की गई। घटना स्थल से पानी मोटर, पाईप एवं बिजली के तार आदि निगम अमले ने जब्त किये और आगे से ऐसा न करने की समझाईश दी।

गर्मियों के मौसम में जलस्रोतों का जलस्तर सामान्यतः कम होने लगता है। लाखा बंजारा झील का जल स्तर सामान्य से अधिक तेजी से एकाएक कम होता देख निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड राजकुमार खत्री ने झील के गिरते जल स्तर की जानकारी जुटाने के निर्देश दिये।

निगमायुक्त का कहना है कि झील से अवैध सिंचाई इसके जल स्तर को तेजी से कम करने के साथ झील में संचालित विभिन्न पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित करेगी। नागरिक झील से किसी भी प्रकार की सिंचाई न करें। झील के जल का उपयोग केबल झील किनारे लगे पेड़ पौधों की नियंत्रित सिंचाई में किया जाता है। झील पेरीफेरी में पौधों की सिचाई ड्रिप इर्रिगेशन और स्प्रिंकलर द्वारा की जाती है इससे कम पानी में अधिक पौधों को पानी उपलब्ध कराया जाता है।

धीरे-धीरे सागर झील मुख्य पर्यटन गतिविधियों का केंद्र बन रही है। ऐसे में इसके जलस्तर को मेन्टेन रखना अनिवार्य है। प्राकृतिक रूप से जल कम होने पर झील के जल स्तर पर खासा प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि आगामी मानसून आने तक झील में पर्याप्त पानी उपलब्ध है।