देश के 76 वें गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम सागर के स्थानीय पीटीसी ग्राउंड में आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रहलाद पटेल ने समारोह के प्रारंभ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, राष्ट्रगान के बाद परेड की सलामी ली तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया. पीटीसी ग्राउंड के अतिरिक्त शहर में अलग-अलग संस्थानों, शासकीय, गैर शासकीय कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया.
मुख्य अतिथि मंत्री प्रहलाद पटेल ने खुली जीप में कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में शानदार परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहे । परेड की टुकड़ियों ने राष्ट्रगान की धुन पर 3 बार हर्ष फायर किया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रगति के प्रतीक रंग बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए.
समारोह में आकर्षक परेड देखने को मिली। जिसमें विशेष सशस्त्र बल, जे.एन.पी.ए. सागर, जिला पुलिस बल महिला, पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया, जिला पुलिस बल पुरूष, होमगार्ड, 11 एम.पी. एनसीसी सीनियर, बालक, 7 एमपी गर्ल्स सीनियर बालिका, गाईड स्काउट, और पुलिस बैंड के प्लाटून ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक ने किया।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। समारोह में सीएम राइज एमएलबी विद्यालय, सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल , सरस्वती शिशु मंदिर मोतीनगर, केंब्रिज स्कूल, स्कूल के छात्र- छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रमों को उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज से सराहा।
कार्यक्रम में विभागों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं को प्रदर्शित और प्रेरित करने वाली झाकियां प्रदर्शित की गईं। इसमें जनजाति कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम , केन्द्रीय जेल, उद्यानिकी आदि विभागों द्वारा झांकियां निकाली गईं।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री पटेल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
ये रहे विजेता
परेड प्रदर्शन सशस्त्र में प्रथम पुरस्कार जिला पुलिस बल (पुरुष), द्वितीय पुरस्कार जिला पुलिस बल सागर (महिला), तृतीय पुरस्कार जेएनपीए एवं श्री दल को दिया गया। इसी प्रकार परेड प्रदर्शन निशस्त्र में प्रथम पुरस्कार 11 एमपी बटालियन एनसीसी(पुरुष) प्रथम, द्वितीय पुरस्कार 7 एमपी बटालियन एनसीसी (महिला) तथा तृतीय पुरस्कार शौर्य दल को दिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार केंब्रिज स्कूल, द्वितीय पुरस्कार सरस्वती शिशु मंदिर मोती नगर तथा तृतीय पुरस्कार सेंट जोसफ कान्वेंट स्कूल सागर को दिया गया।
झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान पर केंद्रीय जेल सागर, , द्वितीय स्थान पर नगर पालिक निगम सागर तथा तृतीय स्थान पर महिला एवं बाल विकास विभाग रहे।
विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन
मंत्री प्रहलाद पटेल ने शासन के विभिन्न विभागों द्वारा पुलिस ग्राउंड परिसर में लगाई गई योजनाओं की प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मंत्री श्री पटेल ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनसामान्य, शासन की योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे। विकास प्रदर्शनी में शासन के जनसंपर्क विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनजाति कार्य विभाग, महिला बाल विकास, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, श्रम विभाग, डेयरी पशु चिकित्सा विभाग आदि विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था।
मंच संचालन डॉ. अरविन्द जैन श्रीमती रचना तिवारी द्वारा किया गया।
मंत्री श्री पटेल ने छात्र-छात्राओं के साथ किया मध्यान्ह भोजन
गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि पंचायत ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल और अन्य अतिथियों ने शासकीय पुलिस लाइन में छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।
मंत्री श्री पटेल ने मिलेट्स मध्यान्ह भोजन की प्रशंसा की। मंत्री श्री पटेल ने स्व-सहायता समूह की सभी महिलाओं जिन्होंने खाना तैयार किया, उनकी समस्याओं को भी सुना एवं निराकरण हेतु संबंधितों को निर्देश भी दिए। मंत्री सहित अन्य अतिथियों द्वारा स्कूल के छात्र-छात्राओं से अन्य जानकारी भी ली।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, श्याम तिवारी, सुश्री रानी पटेल, सुशील तिवारी, कमिश्नर डॉ.वीरेन्द्र सिंह रावत, आईजी प्रमोद वर्मा, उप महानिरीक्षक सुनील जैन, कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, पत्रकार, शासकीय अधिकारियों- कर्मचारियों, शिक्षकों स्कूली छात्र छात्राओं और नागरिकों ने उपस्थित रहकर समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा, संजीव उईके, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीमती जूही गर्ग, श्रीमती आरती यादव, एसडीएम श्रीमती अदिति यादव, श्रीमती भव्या त्रिपाठी, विजय डेहरिया, सहित अन्य जन प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय मौजूद था।

