आगामी 27 जनवरी को संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू इंदौर में आयोजित जय बापू, जय भीम,जय संविधान कार्यक्रम की तैयारियों तथा पार्टी संगठन की मजबूती को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मकरोनिया एवं नरयावली की आवश्यक बैठक का आयोजन ग्राम बरोदिया गुंसाई और मकरोनिया में किया गया.
बैठक की शुरुआत में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस के प्रभारी घनश्याम सिंह, जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ आनंद अहिरवार,मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी आदि कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर बैठक की विधिवत शुरुआत की.
एतिहासिक होगा महू का कार्यक्रम
बैठक को संबोधित करते हुए जिला ग्रामीण कांग्रेस के प्रभारी घनश्याम सिंह ने कहा कि आगामी 27 जनवरी को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से कांग्रेस पार्टी के द्वारा राष्ट्रव्यापी अभियान जय बापू जय भीम जय संविधान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि महू में आयोजित कार्यक्रम में संपूर्ण मध्य प्रदेश से लाखों की संख्या में कांग्रेस जन पहुंचेंगे और हमें नरयावली विधान सभा क्षेत्र से महू के कार्यक्रम में प्रभावी रूप से उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाना है।
बाबा साहब और संविधान का अपमान नहीं सहेंगे
जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. आनन्द अहिरवार ने कहा कि “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” अभियान देश के उस गौरवशाली संकल्प को दोहरा रहा है, जिसमें लोकतंत्र और संविधान को सर्व शक्तिमान माना जाता है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी स्थिति में बाबा साहब और संविधान का अपमान नहीं सहेंगे और इसी उद्देश्य के साथ ये रैली निकाली जा रही है और इस कार्यक्रम में हम सभी को शामिल होकर सफल बनाना है।
भाजपा अपमान करती आई है
मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा और आर एस एस ने पहले पंडित नेहरू और महात्मा गांधी का अपमान किया और अब वो बाबा साहब अंबेडकर का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा भारतीय संविधान के सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान के तहत बाबा साहब की जन्म स्थली महू में आगामी 27 जनवरी को विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं।
◾️ब्लॉक कांग्रेस की बैठकों का संचालन संभागीय प्रवक्ता अभिषेक गौर एवं अशरफ खान ने किया ।
◾️आभार ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र कुर्मी एवं अमर सिंह ने माना।
◾️बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुये।

