केंद्रीय विद्यालय संगठन की 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ 28 अप्रैल 2026 को खेल परिसर सागर एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1, सागर कैंट में हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में दिग्गराज मीणा , उपायुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन, जबलपुर संभाग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हीरालाल , सहायक आयुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, जबलपुर संभाग और प्रदीप अबिद्रा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सागर उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्री मीणा ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत मेजबान विद्यालय की केवीएस राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक विजेता एथलीट सृष्टि पटेल ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मेजबान पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1, सागर कैंट के प्राचार्य मनीष गुप्ता ने स्वागत भाषण में सभी का अभिनंदन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
तीन दिवसीय आयोजन में एथलेटिक्स और शतरंज की स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी। इनमें जबलपुर संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं । सभी स्पर्धाएं अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 बालक एवं बालिका, इन तीन वर्गों में होंगी। मुख्य अतिथि श्री मीणा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक होने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे जीवन में ऊर्जा का संचार होता है। जीवन कौशलों का विकास भी होता है। केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व में एसजीएफआई में केंद्रीय विद्यालय संगठन का प्रतिनिधित्व करने वाले संभाग के प्रतिभागियों का जिक्र करते हुए सभी को आगे के लिए शुभकामनाएँ दीं । पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 3 के प्राचार्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने सभी का आभार व्यक्त किया।
मेजबान प्राचार्य मनीष गुप्ता एवं धर्मेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के प्राचार्य सुनील कुमार तिवारी, क्रमांक 4 के प्राचार्य आर एस वर्मा, ढाना के प्राचार्य विनोद कुमार, जिला शतरंज संघ सचिव यशपाल अरोरा, कार्यक्रम संयोजक डॉ. नईम अहमद खान, खेल शिक्षक, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1 सागर सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक, अनुरक्षक शिक्षक, प्रतिभागी, और विद्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
पहले दिन 100 मीटर, 600 मीटर, 1500 मीटर दौड़, शॉट पुट, लॉन्ग जंप, हैमर थ्रो एवं शतरंज की स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।















