‘बाय-बाय पुलिस अंकल’… गोपालगंज थाने का भावुक नज़ारा

सृजन संवाद योजना के अंतर्गत सांदीपनी स्कूल की 110 छात्राओं ने किया थाना गोपालगंज का भ्रमण, पुलिस व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा कानूनों की ली विस्तृत जानकारी.

सागर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “सृजन संवाद योजना” के अंतर्गत आज सांदीपनी स्कूल, सागर की लगभग 110 छात्राएँ अपने शिक्षकों के साथ महिला थाना प्रभारी श्रीमती संतोषी कनासिया के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पहुँचीं। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री घनश्याम शर्मा एवं थाना स्टाफ द्वारा छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया तथा पुलिस व्यवस्था एवं कानूनों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

भ्रमण के दौरान छात्राओं को प्रधान आरक्षक (लेखक) कक्ष, रीडर कक्ष, विवेचक कक्ष, समन एवं वारंट शाखा, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेक्स ,आगंतुक सहायता व्यवस्था तथा थाना कार्यालय का निरीक्षण कराया गया। उन्हें बताया गया कि थाने में शिकायत प्राप्त होने से लेकर अपराध पंजीबद्ध करने, विवेचना करने, साक्ष्य संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने तक की संपूर्ण प्रक्रिया किस प्रकार संचालित की जाती है।

छात्राओं को थाने में संधारित किए जाने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों जैसे अपराध रजिस्टर, दैनिक डायरी (रोजनामचा), जरायम रजिस्टर, गुमशुदगी रजिस्टर, समन एवं वारंट रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर तथा अन्य पुलिस अभिलेखों के महत्व एवं उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधान, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी प्रावधान, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सहायता 112, तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही छात्राओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग या अपराध की स्थिति में बिना संकोच तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना प्रभारी श्री घनश्याम शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस जनता की मित्र एवं संरक्षक है। किसी भी समस्या, अपराध या आपातकालीन स्थिति में पुलिस सदैव सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वासी, जागरूक एवं कानून का सम्मान करने वाला जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका थाना स्टाफ द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को निकट से देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।


कार्यक्रम के समापन पर थाना प्रभारी द्वारा सभी छात्राओं एवं शिक्षकों को स्नेहपूर्वक मुंह मीठा करने के लिए टॉफियों का वितरण किया गया। सभी छात्राओं एवं शिक्षकों ने थाना प्रभारी श्री घनश्याम शर्मा एवं थाना गोपालगंज के समस्त पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त किया। विदाई के समय छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हाथ हिलाकर *”बाय-बाय”* करते हुए इस यादगार अनुभव के लिए धन्यवाद दिया। यह आत्मीय दृश्य पुलिस एवं समाज के बीच बढ़ते विश्वास, सहयोग एवं सकारात्मक संबंधों का प्रतीक रहा।