मां के नाम’ लगा एक पौधा, हरियाली के संकल्प के साथ गूंजा ट्रैफिक पार्क
सागर। हरियाली सिर्फ पेड़ लगाने से नहीं, बल्कि उनकी देखभाल से आती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम सागर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत काकागंज वार्ड स्थित ट्रैफिक पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
महापौर ने कहा कि बढ़ते वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि तापमान नियंत्रित करने, भूजल संरक्षण, जैव विविधता बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए घर, स्कूल, संस्थान और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण की नई चेतना जगा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जनभागीदारी के साथ हरित भविष्य तैयार करना है।
उन्होंने नगर निगम के सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में खाली पड़ी भूमि पर पौधारोपण कराने और पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से सागर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजकुमार पटेल, संगीता शैलेष जैन, श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल, श्रीमती संध्या भार्गव, श्रीमती प्रतिभा चैबे, कनई पटेल, सोमेश जड़िया, निवेदिता रत्नाकर, तृप्ति सिंह, शालिनी तिवारी, गीता बाल्मीकि, अमित रैकवार, कृष्ण कुमार (बबलू) चौरसिया, रावतपुरा सरकार भक्त मंडल के सदस्य सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
















