बाजार में बारूद, सुरक्षा की अग्निपरीक्षा

सागर। विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने शुक्रवार को खेल परिसर के बाजू में लगाए गए आतिशबाजी बाजार का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विदिशा में आतिशबाजी की दुकान में हुई आगजनी की घटना को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री जैन ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ आतिशबाजी दुकानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जैन ने आतिशबाजी दुकानदारों से चर्चा करते हुए कहा कि दीपावली का पर्व खुशियों और उत्साह का पर्व है, लेकिन आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

उन्होंने कहा कि आतिशबाजी अत्यंत संवेदनशील सामग्री होती है, इसलिए दुकानदारों को अपने साथ-साथ ग्राहकों एवं आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। दुकानों के आसपास पर्याप्त दूरी, आग बुझाने के उपकरण, पानी एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से रखी जाएं।

विधायक श्री जैन ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि आतिशबाजी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक यहां खरीदारी के लिए पहुंचेंगे, ऐसे में यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना आवश्यक है।

उन्होंने दुकानदारों से कहा कि सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि दुकानदारों और आम नागरिकों की भी समान जिम्मेदारी है। सभी लोग मिलकर सावधानी बरतेंगे तो दीपावली का पर्व सुरक्षित और आनंदमय वातावरण में मनाया जा सकेगा।


इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केसरवानी, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी ललित कश्यप, आतिशबाजी संघ के अध्यक्ष विकास केसरवानी, अंशुल गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।