सागर में पर्यटन को नई उड़ान
लाखा बंजारा झील पर आधुनिक बोट क्लब शुरू, नहर विकास के लिए ₹5 करोड़ की घोषणा
सागर। शहर के लाखा बंजारा झील परिसर स्थित संजय ड्राइव पर मंगलवार को पर्यटन सुविधाओं में एक नई उपलब्धि जुड़ गई। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास विभाग द्वारा करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए अत्याधुनिक बोट क्लब का लोकार्पण पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सागर को पर्यटन के क्षेत्र में और आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
लोकार्पण समारोह में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी तथा नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने फीता काटकर बोट क्लब का शुभारंभ किया और परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
नहर विकास के लिए ₹5 करोड़, जिम के लिए ₹50 लाख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सागर को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन की मांग पर तालाब से लगी नहर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए 5 करोड़ रुपये तथा बोट क्लब में आधुनिक जिम उपकरणों की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि लाखा बंजारा झील बुंदेलखंड की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर झील में फ्लोटिंग जेट्टी स्थापित करने की योजना है, जिससे जल पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन नीति से बढ़ेगा निवेश
धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में नई पर्यटन नीति लागू की गई है, जिससे निवेशकों के लिए प्रक्रियाएं सरल हुई हैं। सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों में शामिल करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि सागर में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एमपीटी) का एक बड़ा होटल विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके लिए अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक बोले—तालाब हमारी पहचान
सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि लाखा बंजारा झील शहर की पहचान और ऐतिहासिक धरोहर है। इसके संरक्षण और विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटन मंत्री की घोषणाओं से सागर में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शहर में जल क्रीड़ा को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में 42 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 5 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय टीम के लिए हुआ है। इनमें 3 बालिकाओं ने विशाखापट्टनम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर सागर का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों के अभिभावकों का सम्मान भी किया।
जनप्रतिनिधियों ने जताया विकास का भरोसा
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि जहां कभी संजय ड्राइव पर केवल पगडंडी थी, वहीं आज आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं। उन्होंने इसका श्रेय विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के प्रयासों को दिया।
महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि जल पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही झील के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को भी मजबूती मिलेगी।
















