सागर /
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति, एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सागर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन एवं मध्यप्रदेश विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक श्रीमती अनुष्री शैलेन्द्र जैन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक आयोजन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), सागर ने उल्लेखनीय भागीदारी निभाई। आईएमए अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में सहभागिता की तथा देशप्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।
यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। मार्गभर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। चिकित्सकों की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और चिकित्सा समुदाय की सामाजिक एवं राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी स्वतंत्रता, गौरव और सामूहिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं कर्तव्यबोध को और मजबूत किया जा सकता है।
आईएमए सागर अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमारी विविधताओं को एकता के सूत्र में जोड़ता है तथा राष्ट्र की अखंडता और गौरव का संदेश देता है।” उन्होंने कहा कि चिकित्सक समुदाय सदैव जनसेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी भूमिका निभाता रहा है। आईएमए सागर सामाजिक सरोकारों तथा राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में आगे भी सक्रिय योगदान देता रहेगा।
डॉ. साद ने श्री शैलेन्द्र जैन एवं श्रीमती अनुष्री शैलेन्द्र जैन के नेतृत्व में आयोजित इस व्यापक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने सहभागिता करने वाले सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान आईएमए सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ एकता, भाईचारे, अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नागरिकों में भी आयोजन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया ।
आईएमए सागर ने कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नागरिकों को अपने राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं। एसोसिएशन ने यात्रा में सहभागी सभी चिकित्सकों, नागरिकों एवं आयोजकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।















