आजादी के रंग में आध्यात्मिकता का संग

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज के सागर स्थित भीतर बाजार सेंटर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति, आध्यात्मिक जागृति और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज संस्था से जुड़े भाई-बहनों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और समाज को सकारात्मक दिशा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान छाया दीदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को बाहरी बंधनों से स्वतंत्र कराने के साथ-साथ मनुष्य को अपने अंदर की कमजोरियों, बुराइयों और नकारात्मक विचारों से भी स्वतंत्र होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता वही है, जब व्यक्ति अपने मन के विकारों, बुरी आदतों और व्यसनों पर विजय प्राप्त कर अपने जीवन को श्रेष्ठ एवं संस्कारवान बनाए।

छाया दीदी ने कहा कि आज के समय में नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचा रहा, बल्कि परिवार की खुशियों, युवाओं के भविष्य और समाज की शांति को भी प्रभावित कर रहा है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों ने देशभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली में भी सहभागिता की। रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता, स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। रैली में माननीय विधायक श्री शैलेंद्र जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने तिरंगा रैली में सहभागिता करते हुए देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता के इस प्रयास की सराहना की तथा नागरिकों से समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

रैली के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ नशामुक्त जीवन का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया। दीदी ने कहा ने कहा कि देश की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारी, चरित्रवान और नशामुक्त नागरिकों से भी होती है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी भाई-बहनों ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय इसे आत्म-सुधार और समाज सेवा के संकल्प के रूप में मनाया। सभी ने मिलकर भारत को मजबूत, स्वस्थ, संस्कारी और नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, आध्यात्मिकता और सामाजिक जागरूकता से ओत-प्रोत रहा। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ आयोजित यह कार्यक्रम लोगों के लिए देश की स्वतंत्रता के साथ स्वयं को बुराइयों से स्वतंत्र करने का प्रेरणादायी संदेश छोड़ गया।