बीना : संघर्ष का बिगुल फूंका कांग्रेस ने

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा के बीना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उनका यह आगमन जिले का ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष बनने के पश्चात प्रथम बार आगमन हुआ । उनके साथ जिला कांग्रेस ग्रामीण प्रभारी पूर्व विधायक घनश्याम सिंह मौजूद थे।

बीना की धरा पर भूपेंद्र मुहासा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया एवं भूपेंद्र सिंह मुहासा जिंदाबाद राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों के साथ उनकी अगवानी की गई एवं फूल मालाओं से कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

बीना नगर पहुंचने पर सर्वप्रथम अंबेडकर तिराहा पर कार्यकर्ताओं के साथ भारत रत्न भीमराव अंबेडकर, एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया ।

कांग्रेस का कार्यकर्त्ता सम्मेलन आयोजित   

  तत्पश्चात ब्लॉक, शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा सिंधी धर्मशाला में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे जहां उन्होंने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई ।

इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रभारी घनश्याम सिंह ने कहा कि एस आई आर लोगों से मतदान छीनने का काम कर रही है। संगठन सृजन का काम अभी भी निरंतर चल रहा है।ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष भी इसी प्रक्रिया से बनेगे।

पूर्व मंत्री प्रभुसिंह ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह संघर्ष का समय है कार्यकर्त्ता मुस्तैदी से वोट की रक्षा करें।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे देश के महबूब नेता आदरणीय राहुल गांधी ने यह सिद्ध कर दिया कि मोदी सरकार ने वोट चोरी करके सरकार बनाई।

जिलाध्यक्ष मुहासा ने कहा कि कांग्रेस को कभी झुकने नहीं दूंगा, संगठन सृजन नीचे स्तर तक चलेगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा से ताकतवर है, अब नीचे स्तर के पदाधिकारी भी सीधे दिल्ली से जुड़ेगा। हम छोटी बैठकों में लोगों से सीधे भावनात्मक रूप से जुड़ सकते है.

उन्होंने कहा कि हर कांग्रेस कार्यकर्त्ता को लोगों के बीच जाना होगा। हर विधानसभा क्षेत्र में पच्चीस हजार घर पहुंचना होगा।

भाजपा ने वोट चोरी तो की ही थी, इस बिहार चुनाव में वोट डकैती कर रही है।

हर एक बीएलए का नैतिक दायित्व है कि उनपर कांग्रेस के वोट बचाने की जिम्मेदारी है।साथ ही कांग्रेस जनों का भी दायित्व है वे भी बीएलए का भी ध्यान रखे।

यह जानकारी जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी आशीष ज्योतिषी ने दी ।