भारत सरकार द्वारा पीएम जनमन (2025-26) के अंतर्गत सागर लोकसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने क्षेत्र में लगभग 4.47 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से दो सड़क निर्माण कार्यो को स्वीकृति प्रदान की है।
इन सड़कों की कुल लंबाई 6.90 किलोमीटर होगी, जिससे दो बसावटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा प्राप्त होगी। योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूहों (पीवीटीजी) तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन गंभीरता और पारदर्शिता के साथ हो तथा निर्माण कार्य तेजी से धरातल पर पूर्ण किए जाएं। माना जा रहा है कि इन सड़कों के निर्माण से पीवीटीजी आबादी की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में बड़ा परिवर्तन आएगा और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिलेगी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप मानी जा रही है।
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र लिखकर दी जानकारी, सांसद ने जताया आभार –
केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र के माध्यम से सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े को इस स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर इन सड़क परियोजनाओं का निर्माण फास्ट ट्रैक मोड पर कराया जाएगा तथा गुणवत्ता से समझौता किए बिना समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा। मंत्री ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदायों के विकास के लिए निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता के लिए सांसद का आभार भी व्यक्त किया। इस उपलब्धि पर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।
स्वीकृत सड़कों में शमशाबाद विधानसभा के नटेरन ब्लॉक में टीओ-8 एसएच-23 से बूदीपेगयाई तक 4.4 किलोमीटर लंबी सड़क तथा सिरोंज विधानसभा क्षेत्र में एलओ-24 रिनिया से बरबतपुरा तक 2.5 कि.मी. सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
















