नगर निगम की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत 6 कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर निगम सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री, पार्षद श्रीमती रिचा सिंह एवं कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान जलप्रदाय शाखा के उपयंत्री रामाधार तिवारी, राजेश नरयावरे, चंद्रशेखर साहू, देवीप्रसाद तिवारी, सफाई संरक्षक ममता विनोद, कुसुम रमेश सहित सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पुष्पहार पहनाकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनों ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल एवं योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि शासकीय सेवा एक निश्चित अवधि तक ही होती है और सेवानिवृत्ति उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यों से नगर निगम की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाया है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
जलप्रदाय, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के इन कर्मचारियों ने लंबे समय तक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया है। उनके अनुभव और कार्यशैली ने विभाग को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने विशेष रूप से उपयंत्री रामाधार तिवारी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें शहर की जलप्रदाय व्यवस्था एवं राजघाट जल आवर्धन परियोजना की व्यापक जानकारी है, जिसका लाभ आगे भी निगम को देते रहें।
राजकुमार खत्री, निगम आयुक्त
















