बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं: सागर में स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई, LPG गैस किट लगी ईको वैन जब्त
सागर। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर सोमवार को बण्डा और बरायठा क्षेत्र में 18 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें एक एलपीजी गैस किट से संचालित ईको वाहन को गंभीर सुरक्षा खामियों के कारण जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में फायर सेफ्टी सिस्टम मौजूद नहीं था, जबकि क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल लाया-ले जाया जा रहा था। इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए वाहन को जब्त कर सुरक्षित परिसर में खड़ा कराया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ वाहन संचालक नियमों की अनदेखी कर गैस किट लगे वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कार्रवाई से बचने के लिए कुछ वाहन चालकों ने रास्ता बदलने की कोशिश की, लेकिन जांच दल ने उन्हें भी रोककर जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की।
अभिभावकों और स्कूलों से अपील
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल फिटनेस प्रमाणित और सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों से ही स्कूल भेजें। वहीं सभी स्कूल प्रबंधन से भी कहा गया है कि गैस किट लगे या अनफिट वाहनों को परिसर में प्रवेश न दिया जाए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने स्कूल बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि सभी वाहन स्पीड गवर्नर, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, हैवी लाइसेंस और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही संचालित किए जाएं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











