स्मृति को प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सेवा से जोड़ने की पहल
सागर। बुंदेलखंड के प्रतिष्ठित उद्योगपति, समाजसेवी एवं आध्यात्मिक साधक स्व. बाबू बालचंद मलैया जी की पुण्यतिथि 29 नवंबर को उनकी स्मृति में एक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उनके पौत्र एवं विचार समिति के संस्थापक अध्यक्ष कपिल मलैया के नेतृत्व में 11 विशेष प्रजातियों के फलदार वृक्षों के पौधों का रोपण किया जाएगा।
बाबू बालचंद मलैया जी का देहावसान 29 नवंबर 2001 को हुआ था। उनका जीवन सादगी, स्वावलंबन, जीवों के प्रति करुणा, प्रकृति प्रेम और सेवा भाव जैसे उच्च आदर्शों का प्रतीक रहा। उनके विचारों और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए उनकी स्मृति को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर उसे प्रकृति और समाज के हित में एक सार्थक कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल के अंतर्गत विशेष किस्मों के फलदार वृक्षों के कुल 11 पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के विस्तार, जैव विविधता को प्रोत्साहन तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है।
कपिल मलैया ने कहा कि बाबूजी का जीवन हमें सिखाता है कि मनुष्य की सार्थकता केवल अपने लिए अर्जित करने में नहीं, बल्कि समाज, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के लिए कुछ अच्छा छोड़ जाने में है। उनकी पुण्यतिथि पर पौधारोपण का यह प्रयास उनके विचारों और भावनाओं के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।
एक पौधा लगाना केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि भविष्य के लिए जीवन, छाया, फल और स्वच्छ पर्यावरण की संभावना बोना है। हमारा प्रयास है कि बाबूजी की स्मृति में शुरू हुई यह पहल समाज में प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा बने –
कपिल मलैया, संस्थापक विचार समिति
















