नशे को ना, सकारात्मक जीवन को हां!

अब तक हजार से अधिक विद्यार्थी और पुलिस जवानों को कराया नशामुक्ति का संकल्प

दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान जोर-शोर से जारी

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, छह हायर सेकंडरी स्कूल सहित गर्ल्स कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित.

सागर। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे दस करोड़ नशामुक्ति अभियान जोर-शोर से जारी है। अब तक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर बटालियन मकरोनिया, गर्ल्स कॉलेज सहित छह हायर सेकंडरी स्कूलों में कार्यक्रम के माध्यम से चार हजार जवानों और छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई गई है।

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में सेवाकेंद्र प्रभारी बीके छाया दीदी ने कहा कि हम ज्योति स्वरूप आत्मा हैं। शरीर को भोजन की आवश्यकता होती है, लेकिन आत्मा को शांति, प्रेम, खुशी, शक्ति और पवित्रता की आवश्यकता होती है। जब मनुष्य इन वास्तविक आध्यात्मिक शक्तियों से दूर हो जाता है, तब वह बाहरी साधनों में सुख तलाशने लगता है। नशा भी उसी झूठे सुख की एक खोज है।

एसपी प्रतिमा पटेल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जवानों को जीवन में सकारात्मक चिंतन की दिशा मिलती है। बीके लक्ष्मी दीदी ने कहा कि राजयोग का अभ्यास हमें भीतर की शक्ति से जोड़ता है। जब आत्मा परमात्मा की स्मृति से जुड़ती है तो उसे भीतर से शांति और शक्ति का अनुभव होने लगता है। फिर हमें कृत्रिम सहारे की आवश्यकता कम होती जाती है। आज आइए हम केवल यह प्रतिज्ञा न करें कि हम नशा नहीं करेंगे। बल्कि यह संकल्प करें कि हम अपने मन को सकारात्मक विचार देंगे, अपने शरीर का सम्मान करेंगे, अपने परिवार को समय देंगे और अपने जीवन को श्रेष्ठ उद्देश्य से जोड़ेंगे।

बीके मोनिका बहन ने कार्यक्रम में मौजूद 550 से अधिक प्रशिक्षु जवानों को राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से शांति की अनुभूति कराई।

गर्ल्स कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित.

गर्ल्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बीके खुशबू दीदी ने कहा कि आज की युवा बेटी को केवल सुंदर दिखना नहीं, बल्कि भीतर से शक्तिशाली बनना है। उसे केवल अच्छी शिक्षा नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार भी चाहिए। उसे केवल करियर नहीं बनाना है, बल्कि अपने जीवन का चरित्र भी बनाना है। राजयोग हमें यही शक्ति देता है। जब हम कुछ क्षण शांत होकर स्वयं को याद करते हैं मैं आत्मा हूं, मैं शांत हूं, मैं शक्तिशाली हूं तो मन में सकारात्मकता आती है। परमात्मा को याद करने से भीतर आत्मविश्वास और संकल्प की शक्ति बढ़ती है। सकारात्मक ऊर्जा से भरे विचार से परिवर्तन होता है इसलिए 10 करोड़ नशा मुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान की ऊर्जा चारों दिशाओं में फैल कर एक वाइब्रेशन बनाएगी जिससे निश्चित है परिवर्तन होगा।


स्कूल में आयोजित कार्यक्रमों में बीके दीपिका बहन, बीके पार्वती बहन, बीके कामिनी बहन, बीके प्रगति बहन, बीके मुकेश भाई, बीके सुनील भाई, बी के पीयूष भाई ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


यहां कार्यक्रम आयोजित-

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर बटालियन मकरोनिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौर नगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मकरोनिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजाखेड़ी, पीएम श्री स्कूल, बरारू, शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय, तिली, शैलेष मेमोरियल स्कूल.