जिला कांग्रेस कमेटी सागर (ग्रामीण) के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने खरीद केंद्रों पर किसानों के साथ हो रही रिश्वतखोरी पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि किसान अपनी मेहनत के बल पर जमीन का सीना चीरकर फसल उगाता है, लेकिन जब वह अपनी उपज लेकर खरीद केंद्रों और मंडियों में पहुंचता है, तो वहां भाजपा के दलालों द्वारा रिश्वत का गंदा खेल खेला जाता है।
उन्होंने कहा कि यह सब प्रदेश के खाद्य मंत्री के गृह जिले सहित पूरे प्रदेश में खुलेआम चल रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इन परिस्थितियों से अवगत होने के बावजूद मौन हैं, जो इस बात का संकेत है कि भ्रष्टाचार को संरक्षण मिल रहा है।
मुहासा ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं जिले की विभिन्न मंडियों और खरीद केंद्रों का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सीधे समझेंगे और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर जिला स्तर पर बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
भूपेंद्र सिंह मुहासा, जिलाध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस सागर
इसी क्रम में आज जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण ज़ूम मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक स्तर पर किसानों की समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
साथ ही, 4 मई को दोपहर 1 बजे जिला ग्रामीण कांग्रेस कार्यालय, पद्माकर नगर में सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है, जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर उग्र आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। यह बैठक नवनियुक्त प्रभारी राहुल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न होगी।
जिला संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री भूपेंद्र मुहासा 5 मई को बंडा की मंडियों और खरीद केंद्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे ।
















