वर्ना लगेगा डबल झटका

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति में अब केवल 7 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में जिन नागरिकों द्वारा अब तक संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं की गई है, उनके लिए यह अंतिम अवसर है।

यदि 31 मार्च तक बकाया संपत्तिकर जमा नहीं किया जाता है, तो शासन के नियमानुसार उक्त कर राशि दोगुनी हो जाएगी। इसके साथ ही जलकर सहित अन्य करों पर भी निर्धारित दर से अधिभार लगाया जाएगा, जिससे करदाताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के पश्चात किसी भी प्रकार की राहत प्रदान नहीं की जाएगी। अतः सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और शीघ्र ही अपने बकाया करों का भुगतान कर दें, जिससे उन्हें अनावश्यक कार्रवाई एवं अधिभार से बचाया जा सके।

करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा कटरा बाजार स्थित पं. मोतीलाल नेहरू स्कूल परिसर एवं नगर निगम कार्यालय में संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया सहित अन्य करों की राशि जमा करने के लिए काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। जहां पर नागरिक आसानी से अपने बकाया करों का भुगतान कर सकते हैं।

“सभी काउंटर अवकाश के दिनों में भी”

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को निर्देशित किया है कि 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी सभी काउंटर खुले रखे जाएं। जिससे नागरिकों को कर की राशि जमा करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर निगम ने पुनः सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वित्तीय वर्ष समाप्त होने के पूर्व बकाया करों का भुगतान कर सहयोग प्रदान करें।