सागर में स्वच्छता का संकल्प

सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने हेतु प्रत्येक सागरवासी की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखकर नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने और सफाई मित्रों की स्वास्थ्य सुरक्षा व सम्मान का उद्देश्य लेकर नगर पालिक निगम सागर द्वारा स्वच्छता स्वाभिमान अभियान 2026 के तहत विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया।

विधायक शैलेन्द्र जैन और महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, प्रदेश मीडिया पेनलिस्ट रिशांक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण के साथ हरी झंडी दिखाकर वाहन रैली को रवाना किया।

नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर भी रैली में शामिल हुए। महापौर श्रीमती संगीता तिवारी और निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री के नेतृत्व में जागरूकता वाहन रैली संजय ड्राइव रोड किनारे नवनिर्मित घाट से प्रारम्भ होकर शहर भर से होते हुए संविधान चौक पहुंची।

रैली में…..

▪️स्वच्छता की गागर हमाओ सागर.

▪️मेरा चौराहा मेरा स्वाभिमान.

▪️मैं हूँ सागर नगर मित्र, मेरे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें.

▪️घर से थैला खुद ले आएं पॉलीथिन को न अपनाएं.

▪️कचरा सड़क पर न फेकें, डस्टबिन का उपयोग करें.

गीला सूखा कचरा अलग अलग नीले हरे डस्टबिन में डालेंगे. हर 3 वर्ष में सेप्टीक टेंक की सुरक्षित सफाई निगम की मशीनों द्वारा कराने हेतु हेल्पलाइन नंबर 14420 पर कॉल करें। सफाई मित्र का सम्मान स्वच्छ शहर की पहचान। बनिये नागरिक दक्ष, बाजार को रखिये स्वच्छ। पॉलीथिन का उपयोग करना प्रतिबंधित है सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें आदि संदेशों की तखतियों को हांथों में थाम कर जनप्रतिनिधि व निगमकर्मीयों ने जनजन को स्वच्छता हेतु जागरूक किया।

संविधान चौक पर महापौर, निगमायुक्त सहित जनप्रतिनिधियों ने डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सफाई कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सफाई मित्रों का फूलमाला व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

“स्वच्छता में जनसहभागिता हेतु जनप्रतिनिधियों व अधिकारीयों का संदेश”

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने रैली में शामिल होकर कहा की सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने के लिए प्रत्येक सागरवासी को आगे आकर स्वच्छता में सहभागिता करना होगी। नगर निगम और सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किये गए नवनिर्माणों और सौन्दर्यीकरण के साथ सशक्त सफाई व्यवस्था से हमारा शहर पहले की अपेक्षा बहुत साफ-स्वच्छ और सुंदर हुआ है।

नगर निगम और सफाईमित्रों की मेहनत से आज सागर की हर सड़क, तिराहे-चौराहे, गली-मोहल्ले कचरामुक्त साफ-स्वच्छ दिखते हैं हम नागरिकों का कर्तव्य है निगम के कंधे से कंधा मिलाकर चलें और सदैव अपने घर आँगन सड़क मोहल्ले और शहर को साफ रखने को तत्पर रहें।

महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा की सागर की सफाई व्यवस्था को श्रेष्ठ बनाने में प्रयासरत समस्त सफाईमित्रों और नगर निगम की टीम सहित अधिकारी कर्मचारियों को बधाई।

सफाईकर्मी हमारे शहरी व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सागर को स्वच्छ सुंदर बनाये रखने में सभी नागरिक सफाईमित्रों को सहयोग दें, कचरे का उत्पादन कम करने हेतु गीला-सूखा कचरा अलग-अलग कर गीले कचरे से घर पर ही मटकाखाद बनाएं और शेष अन्य कूड़ा कचरा कलेक्शन वाहनों में ही दें, यहां वहां सार्वजनिक स्थल पर न फेकें। सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नंबर-1 बनाने के लिए जिम्मेदार नागरिक बनकर साथ निभाएं।

निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा की डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती के एक दिन पहले आयोजित यह विशाल वाहन रैली नागरिकों में स्वच्छता जागरूकता का बिगुल फूंकेगी।

नगर निगम अमले में शामिल अत्याधुनिक सफाई वाहनों सहित अनेक प्रकार की मशीनों से सागरवासी परिचित होंगे और जोर-शोर से की जा रही स्वच्छता में सहभागी बनेंगे। निगम प्रशासन द्वारा अपशिष्ट संग्रहण और निपटान के दौरान संक्रमण के संभावित खतरों को समाप्त करने हेतु वैज्ञानिक तरीकों को अपनाया गया है सभी नागरिक अपने घरों में बने सेप्टीक टेंक की 3 वर्ष में एक बार सफाई, मशीन द्वारा अवश्य करायें, सुरक्षित सफाई हेतु हेल्पलाइन नंबर 14420 पर कॉल करें।

जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने जय गौर जय भारत का नारा लगाते हुए कहा की शहर को स्वच्छ सुंदर बनाये रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है और हम सब सागरवासी अपनी इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाएंगे।

रैली का नेतृत्व कर रहे निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा की अब समय आ गया है सागर को देश में प्रथम बनाने सभी पुरजोर मेहनत करें। निश्चित ही सभी का प्रयास सराहनीय है हमारे शहर ने पिछले वर्ष 73 वें स्थान से ऊपर उठकर देश में 10 वें स्थान पर जगह बनाई थी।

देश में प्रथम स्थान पर आना एक बड़ी चुनौती है प्रतिस्पर्धा कठिन है लेकिन हम सभी नगर निगम परिवार अपने सागर शहर परिवार के साथ मिलकर इस चुनौती और कठिनाई को पार करेंगे और हम सब साथ में काम कर सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनायेंगे। स्वच्छता स्वाभिमान अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है कि वे स्वच्छता को एक आदत बनाएं, कचरा न फैलाएं, और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बचें। सफाई कर्मचारियों का सम्मान करें। निगम प्रशासन भी सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरण और कल्याण पर ध्यान केंद्रित करता है। सफाई व्यवस्था सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से हो इसके लिए अत्याधुनिक वाहनों को निगम अमले में शामिल किया गया है। ब्लैक स्पॉट समाप्त कर सौन्दर्य स्थल विकसित करने, घर-घर से कचरा उठाने और कबाड़ से जुगाड़ (कचरे से कला) जैसी पहल को बढ़ावा दिया जा रहा है। शहर में सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव व निर्माण द्वारा स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है। यह अभियान विशेषकर ‘कचरा मुक्त भारत’ की थीम पर केंद्रित है ताकि नागरिक जागरूक बने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।