कुशवाहा समाज की बड़ी पहल: तेरहवीं प्रथा खत्म करने का सामूहिक आह्वान
सामाजिक बैठक में विवादों का निपटारा, कुरीतियों के खिलाफ एकजुट हुआ समाज
सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करैया में कुशवाहा समाज की एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
बैठक में कुशवाहा महापंचायत सागर के जिला अध्यक्ष चौधरी जयराम पटेल, अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री एडवोकेट अर्जुन पटेल, कुशवाहा समाज संगठन जिला सागर के अध्यक्ष एडवोकेट के.सी. पटेल एवं जिला उपाध्यक्ष शिवराज पटेल की विशेष उपस्थिति रही।
सामाजिक पंचायत के दौरान समाज के विभिन्न पारिवारिक एवं आपसी विवादों का शांतिपूर्ण ढंग से निपटारा किया गया। इसके साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों और अनावश्यक सामाजिक परंपराओं पर गंभीर मंथन हुआ।
बैठक का सबसे अहम निर्णय तेरहवीं प्रथा को लेकर सामने आया, जहां वक्ताओं ने इसे सामाजिक और आर्थिक बोझ बताते हुए इस पर रोक लगाने का सामूहिक आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं कई बार परिवारों पर अनावश्यक दबाव बनाती हैं, जिन्हें बदलना समय की जरूरत है।
पदाधिकारियों ने समाज से अपील की कि वे सरल और सादगीपूर्ण परंपराओं को अपनाएं तथा सामाजिक एकता और जागरूकता को प्राथमिकता दें।
इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में अन्य समाजों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।













