मंडियों में संकट गहराया

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा है कि जिले की मंडियों में किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। तुलाई का कार्य हो रहा है, लेकिन धीमी गति और अव्यवस्थाओं के कारण किसानों की फसल समय पर नहीं तौली जा रही है तथा बारदाने की भारी कमी बनी हुई है, जिससे किसान लगातार परेशान हैं।

पोर्टल पर दी गई तिथि के अनुसार भी तुलाई नहीं हो रही है, जिसके कारण किसानों को कई दिनों तक मंडियों में रुकना पड़ रहा है। उनकी फसल खुले में पड़ी है, जिससे खराब होने का खतरा बना हुआ है। मंडियों में किसानों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

भूपेंद्र सिंह मुहासा, जिलाध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस सागर

मुहासा ने कहा कि सैटेलाइट सत्यापन के नाम पर किसानों को अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है, जिससे गेहूं खरीदी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए और खरीदी सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि तौल प्रक्रिया में भी अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे किसानों के साथ छल किया जा रहा है।

मुहासा ने आगे कहा कि:

▪️पंजीयन करा चुके किसानों का पूरा गेहूं खरीदा जाए।

▪️फसल बीमा के नाम पर किसानों का शोषण बंद किया जाए तथा कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाना रोका जाए।

▪️पिछले 12 वर्षों से लंबित मंडी एवं सहकारी समितियों के चुनाव शीघ्र कराए जाएं।

▪️नरवाई (पराली) जलाने के मामलों में किसानों पर हो रही सख्ती में संतुलन रखते हुए समाधान आधारित दृष्टिकोण अपनाया जाए।

▪️उपार्जन क्षमता बढ़ाई जाए एवं प्रतिदिन तुलाई की गति तेज की जाए।

▪️मुहासा ने प्रशासन से मांग की है कि मंडियों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर किया जाए और किसानों को राहत प्रदान की जाए।

इस संबंध में उन्होंने जिले के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे मंडियों का निरीक्षण करें, किसानों से मिलें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करें।