साधना, समर्पण और संस्कृति का स्तंभ हुआ विदा

शस्त्र कला बुंदेली मार्शल आर्ट के संरक्षक एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत वरिष्ठ समाजसेवी भगवान दास रैकवार के निधन पर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए रामपुरा वार्ड स्थित उनके निज निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की।

निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि भगवान दास रैकवार ने बुंदेली शस्त्र कला एवं पारंपरिक मार्शल आर्ट को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपनी साधना, अनुशासन और समर्पण से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान प्रदान की। उनके निधन से सागर सहित समूचे प्रदेश ने एक प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को खो दिया है।

उन्होंने कहा कि भगवान दास रैकवार का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। भारतीय परंपराओं, लोक संस्कृति और युद्धकला के संरक्षण में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र (पप्पू) फुसकेले, पार्षद प्रतिनिधि पराग जैन, उपायुक्त एस.एस. बघेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, अनुरुद्ध चाचोंदिया सहित नगर निगम के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।