सागर पुलिस परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा का चयन वर्ष 2024 के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित “रुस्तम जी पुरस्कार” हेतु किया गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा आज जारी आदेश में उनके नाम की घोषणा की गई है।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के अंतर्गत श्री सिन्हा को ₹50,000 की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। मध्यप्रदेश पुलिस का “रुस्तम जी पुरस्कार” उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय पुलिस सेवा, प्रभावी नेतृत्व, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा तथा पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
श्री सिन्हा अपने उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल, अनुशासित कार्यशैली, अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका, कानून-व्यवस्था संधारण तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं तथा पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के रूप में पदस्थ श्री सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, संवेदनशील प्रकरणों के प्रभावी निराकरण एवं पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने लोकेश कुमार सिन्हा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
श्री सिन्हा का यह चयन न केवल उनकी उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है, बल्कि सम्पूर्ण सागर पुलिस परिवार के लिए भी गर्व, प्रेरणा एवं सम्मान का विषय है। उनकी यह उपलब्धि युवा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करेगी।












