नन्हे सितारों का बड़ा धमाका

गौर उत्सव में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, उमंग के रंगों से सजा केंद्रीय विद्यालय-4 का वार्षिकोत्सव

रोबोटिक डांस से लेकर मयूर नृत्य तक ने मोहा मन, दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया भावुक

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4, सागर का गौर उत्सव सह वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ बुधवार, 25 नवंबर को डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, कला, संस्कृति और रचनात्मकता से सजे इस आयोजन ने समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश दुबे रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के नामित अध्यक्ष नवीन कांगो तथा पूर्व नामित अध्यक्ष पी.के. कटहल उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं डॉ. हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत स्काउट-गाइड की कलर पार्टी तथा एनसीसी के विद्यार्थियों ने किया।

विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र सिंह वर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, गौर गीत, रोबोटिक डांस, चार युग नृत्य, बंगाली नृत्य, कांतारा नृत्य और गरबा जैसी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कृष्ण-राधा और गोपियों पर आधारित मयूर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

समारोह में दिव्यांग विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने साबित किया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।

नाटक ‘उदयपुर की ट्रेन’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों से हास्य, मनोरंजन के साथ प्रभावशाली संदेश भी दिया।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विभिन्न पाठ्य सहगामी गतिविधियों, खेलकूद, कला उत्सव तथा स्काउट-गाइड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि प्रो. नागेश दुबे ने विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना भी है।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका रंजना वर्मा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।