कार्तिक पूर्णिमा के दिन सागर शहर भी भव्य दिव्य दीपोत्सव सहित देव दीपावली मनाते हुए ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बन गया।
नगर निगम द्वारा आयोजित देव दीपावली उत्सव का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी,भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्यों जनप्रतिनिधियों एवं हजारों की संख्या में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में किया गया।
देव दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि लाखा बंजारा झील के पास इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित विशाल जनसमूह के हर्ष, उल्लास को देखकर लग रहा है कि आज भगवान राम वनवास से लौटकर अयोध्या आ गए हैं, निश्चित रूप से इस प्रकार के कार्यक्रम बनारस, उज्जैन आदि स्थानों पर होते हैं। सागर में पहली बार दीपदान का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें लोगों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। आज कार्तिक पूर्णिमा है और आज तक ही हम दीपावली का उत्सव मनाते हैं आज के बाद अब नए उत्सव प्रारंभ होंगे। उन्होंने देव दीपावली कार्यक्रम सागर में पहली बार आयोजित करने के लिए नगर निगम आयुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री को धन्यवाद दिया तथा उपस्थित विशाल जनसमूह को बधाई दी।
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि सागर में पहली बार इस प्रकार का आयोजन किया जा रहा है इस कारण लोगों में बहुत उत्साह दिख रहा है इतनी बड़ी संख्या में नागरिकगण कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं आज कार्तिक पूर्णिमा का दिन है इस दिन भगवान विष्णु ने भी दीपदान किया था इसका अलग ही महत्व है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष आयोजन को और भव्य तरीके से मनाएंगे इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री जी को सागर आने का निमंत्रण भी देंगे । उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए राजकुमार खत्री को धन्यवाद दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि झील से नागरिकों के आध्यात्मिक, पारंपरिक व सांस्कृतिक जुड़ाव हेतु पहली बार शहर में देव दीपावली के भव्य आयोजन करने के लिए निगमायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि सागर में पहली बार देव दीपावली का आयोजन किया गया है और इतनी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए, मैं सभी नागरिकों का हृदय से धन्यवाद देता हूं और कार्तिक पूर्णिमा की बधाई देता हूं।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील का आकर्षक सौन्दर्यीकरण से नवस्वरूप और गंगा आरती जैसे विभिन्न आयोजनों के कारण पहले ही झील सांस्कृतिक धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनी हुई है, नागरिकों में झील और शहर की स्वच्छता, सुंदरता व सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूकता व नागरिक जुड़ाव हेतु इसके किनारे चकराघाट से लेकर गणेशघाट तक बने लगभग 500 मीटर विशाल घाट पर एक साथ 1 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित किए गए तथा नागरिकों ने भी अपने घरों से दीपक लाकर दीपदान किया। निगमायुक्त ने कहा कि गंगा आरती के साथ देव दीपावली का यह भव्य दिव्य आयोजन सागर शहर की नई सांस्कृतिक पहचान बनेगा। उन्होंने सभी नागरिकों, समाजसेवी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से इस आयोजन में शामिल होने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि जिस तरह काशी में देव दीपावली का आयोजन विश्वप्रसिद्ध है, उसी तरह सागर के चकराघाट की देव दीपावली आने वाले वर्षों में क्षेत्र की पहचान बनेगी। उन्होंने कहा की ऐतिहासिक झील का यह किनारा वर्षों से धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रहा है। इस आयोजन से इसके धार्मिक सांस्कृतिक महत्त्व को अब और भी बल मिलेगा ।
देव दीपावली आयोजन बना जनभागीदारी का उत्सव
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली के आयोजन में विशाल जनसमूह की उपस्थिति से यह आयोजन जनभागीदारी का उत्सव बन गया है लाखा बंजारा झील सागर की पहचान है स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में 10 वीं रैंक प्राप्त होने में ऐतिहासिक झील एवं नगरवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में इस वर्ष सागर के नागरिकों ने नगर निगम के साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया और स्वच्छ सर्वेक्षण में पूरे देश में 10 वीं रैंक प्राप्त कर सागर को देश में नयी पहचान मिली ।
कार्यक्रम में शहर की समाजसेवी संस्थाओं, उत्सव समिति, ऑटो यूनियन, विचार संस्था, गायत्री परिवार, रीगल राईट काउंसिल,राष्ट्रीय हिंदू परिषद, सर्व ब्राह्मण समाज, महाकाल संगठन, अपनत्व सेवा समिति, सिंहस्थ एनजीओ सहित विभिन्न संस्थाओं ने भागीदारी कर इस आयोजन को यादगार बना दिया।
◾️गंगा आरती का आयोजन
देव दीपावली के अवसर पर हजारों की संख्या में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बहुत देर तक आतिशबाजी की गई जिसने विशाल जनसमूह का मन मोह लिया।
निगम अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया
देव दीपावली कार्यक्रम के आयोजन में उपस्थित हुए सभी अतिथियों, निगमायुक्त वृंदावन अहिरवार एवं नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के बाद एक घंटे में चकराघाट की सफाई की गई
नगर निगम की टीम द्वारा कार्यक्रम के पश्चात चकराघाट स्थित आयोजन स्थल सभी घाटों की 1 घंटे में सफाई सुनिश्चित की गई।
















