हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती सागर में ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाई जाएगी। जाटव समाज सागर द्वारा इस बार जयंती को और अधिक व्यापक, संगठित और उत्साहपूर्ण बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। 
इसी कड़ी में आज साईं मंदिर धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के प्रमुख जनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार जयंती को पूरे शहर और जिले के समाज को साथ लेकर, एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए भव्य रूप में मनाया जाएगा।
बैठक में समाज के वरिष्ठ नेता चौधरी भगवती प्रसाद जाटव ने कहा कि बाबा साहब की देन ही है कि आज समाज को सम्मान और अधिकार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ कार्य किया जाए।
अंबेडकर जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महेश जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलते हुए संविधान की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों को साथ लेकर एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बाबा साहब के अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
इस आयोजन के माध्यम से समाज एकता, अधिकार और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देने की तैयारी में है, जिससे सागर में इस बार अंबेडकर जयंती एक ऐतिहासिक रूप लेने जा रही है।












