जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस पर की गई टिप्पणी तथ्यहीन और भ्रामक है। मुख्यमंत्री अपने जिस मंत्री के निजी विश्वविद्यालय के उद्घाटन में शामिल होने सागर आए थे, वे मंत्री जी स्वयं भी कभी कांग्रेस के नेता रहे हैं और उस समय बुंदेलखंड पैकेज के पक्ष में आवाज उठाते थे तथा भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े करते थे।
मोहासा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सागर प्रवास के दौरान वर्ष 2008 से 2014 के बीच केंद्र की तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार द्वारा बुंदेलखंड के विकास के लिए दिए गए लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज पर अनावश्यक टिप्पणी कर कांग्रेस की खिल्ली उड़ाने का प्रयास किया है। यह पैकेज कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विशेष अनुरोध पर बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए दिया गया था।
उन्होंने कहा कि शायद मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह बात नहीं है कि इस पैकेज के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उस समय की मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के पास थी, जिसके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। यह पैकेज बुंदेलखंड में सिंचाई का रकबा बढ़ाने, छोटे बांधों के निर्माण, पशुपालन को प्रोत्साहन देने, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा अनाज भंडारण क्षमता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए दिया गया था।
मोहासा ने आरोप लगाया कि भाजपा की तत्कालीन राज्य सरकार ने इस पैकेज की राशि का सही उपयोग करने के बजाय बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और बंदरबांट की।
कांग्रेस प्रवक्ता आशीष ज्योतिषी ने कहा कि कांग्रेस ने बुंदेलखंड के किसानों और क्षेत्र के समग्र विकास की मंशा से यह विशेष पैकेज दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को खिल्ली ही उड़ानी है तो उन्हें अपनी ही पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की खिल्ली उड़ानी चाहिए।
















