नगर निगम कर्मचारी संघों द्वारा निगमायुक्त राजकुमार खत्री को वेतन सहित अन्य मांगों के निराकरण हेतु सौपें गये ज्ञापन के उपरांत दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुये निगमायुक्त ने कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य मांगों को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिये जाने के बाद निगम की राजस्व वसूली, संपत्तिकर, जलकर एवं दुकानों का किराया आदि करों को वसूलने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, तथा राजस्व अधिकारी को 20 लाख रूपये प्रतिदिन वसूली करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसके साथ ही निगमायुक्त ने म.प्र.शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि से कटौतियाॅं न किये जाने हेतु चर्चा की है तथा बल्क सप्लाई वाले निकाय एवं अन्य बडे़ संस्थानों से बकाया राशि जमा करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त श्री खत्री ने बताया कि हमारा प्रयास है कि नगर निगम कर्मचारियों को दीपावली के पूर्व वेतन का भुगतान किया जा सके जिससे वे दीपावली पर्व अच्छे से मना सकें इसके लिये अगर आवश्यकता होगी तो बैंक से ऋण लेकर भी वेतन का भुगतान करने की कार्यवाही की जायेगी।
















