लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी व सांसद प्रियंका गांधी के भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिए गए अभद्र, आपत्तिजनक और शर्मनाक बयान के खिलाफ सागर में कांग्रेसजनों का गुस्सा उबल कर सड़कों पर आ गया। मंत्री के बयान के खिलाफ जिला शहर कांग्रेस कमेटी, सागर ने अप्सरा टॉकीज, भगवानगंज पर जोरदार प्रदर्शन किया और मंत्री विजयवर्गीय के 2 पुतले दहन किए।
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन रोकने की कोशिश की व कार्यकर्ताओं से पुतले छीनने का प्रयास किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। पुलिसिया दमन और धक्का-मुक्की के बावजूद युवा कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी तथा एनएसयूआई के चक्रेश रोहित द्वारा लाए गए विजयवर्गीय के एक के बाद एक, दो पुतले कांग्रेस जनों द्वारा जलाकर भाजपा की महिला विरोधी सोच के खिलाफ अपना प्रचंड आक्रोश दर्ज कराया।
इस दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर देश और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी जी व उनकी बहन प्रियंका गांधी जी को लेकर शर्मनायक बयान देना महिला शक्ति का अपमान और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुँचाना है। मंत्री विजयवर्गीय के बयान से भाजपा नेताओं की महिलाओं के साथ अवैध संबंधों वाली चिरपरिचित और घिनौनी मानसिकता उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को चाहिए कि वे बहन-बेटियों की गरिमा को लगातार कलंकित करने वाले बदजुबान मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर जनता से माफी मांगें।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी व सांसद प्रियंका गांधी जी के भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर ऐसी घटिया और महिला विरोधी टिप्पणी केवल महिलाओं ही नहीं बल्कि पूरे संपूर्ण नारी शक्ति की अस्मिता का अपमान है।
कांग्रेस जनों ने स्पष्ट किया कि वे सरकार और पुलिस के किसी भी दमन से डरने वाले नहीं हैं। यदि भाजपा सरकार ने विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल से बाहर नहीं किया तो कांग्रेस इसे प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देगी।
आक्रोश प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महिला विरोधी मंत्री मुर्दाबाद” “नवरात्रि पर अपमान बर्दाश्त नहीं” “भाजपा सरकार शर्म करो” के जमकर नारे भी लगाए ।
















