◾️सागर में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत
◾️गांव-गांव की छिपी प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
◾️पंजीयन की अंतिम तिथि: 20 सितंबर
मध्यप्रदेश के सागर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेडे एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सेवा-पखवाड़े के अंतर्गत 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले ‘सांसद खेल महोत्सव’ को लेकर जिले के मंडल अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों से वर्चुअल संवाद किया।
इस संवाद में सांसद एवं पदाधिकारियों ने महोत्सव की रूपरेखा, संचालन एवं पंजीयन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि यह खेल महोत्सव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से सेवा-पखवाड़ा का ही हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य गांव और कस्बों में छिपी हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच देना है ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और आगे चलकर प्रदेश तथा राष्ट्र का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की मॉनिटरिंग सीधे भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा की जाएगी। ऐसे में सागर लोकसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सांसद डॉ. वानखेडे ने कहा कि सरकारी विभाग भी प्रतियोगिता में सहयोग करेंगे, लेकिन यह आयोजन हम सबका है। इसलिए हर कार्यकर्ता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र की प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें प्रतियोगिता से जोड़ें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिलाएँ। संपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के उस संकल्प को साकार करना है जिसमें गांव-गांव की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
“मंडल स्तर पर बनेगी संचालन समिति”
वर्चुअल संवाद के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि यह आयोजन केवल सांसद का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का है। प्रत्येक गांव और मंडल स्तर पर संचालन समिति बनाई जाएगी जो प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से अपील की कि वे गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर ऐसे खिलाड़ियों को खोजें, जो खेलों में गहरी रुचि रखते हों और अच्छा प्रदर्शन कर सकते हों। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर संपर्क कर ऐसे बच्चों का भी पंजीयन कराया जाए, जो स्कूल-कॉलेज में पढ़ाई नहीं करते लेकिन खेलों में दक्ष हैं। प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए यह आवश्यक है कि कोई भी प्रतिभा छूटने न पाए।
डॉ. अनिल तिवारी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी बताते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में 9 प्रकार के खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, दौड़, शतरंज, खो-खो, कुश्ती और क्रिकेट प्रमुख हैं।
पंजीयन 20 सितंबर तक, राष्ट्रीय स्तर पर होगा डेटा 21 सितंबर से ग्राम स्तर पर होगा शुभारंभ
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित की गई है। पंजीयन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिसमें क्यूआर कोड स्कैन करके भी आवेदन किया जा सकता है। विशेष बात यह है कि खिलाड़ियों की जानकारी सीधे खेल मंत्रालय तक पहुँचेगी। इस प्रतियोगिता में 19 वर्ष तक के खिलाड़ी ही नहीं बल्कि ओपन कैटेगरी के प्रतिभागी भी भाग ले सकते हैं। आयोजन की शुरुआत 21 सितंबर को माननीय सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े द्वारा की जाएगी। सबसे पहले प्रतियोगिताएं ग्राम स्तर पर होंगी, इसके बाद ब्लॉक स्तर, विधानसभा स्तर और अंततः लोकसभा स्तर पर आयोजित की जायेगी।
कार्यक्रम का आभार पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर ने व्यक्त, करते हुए कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र से कोई भी प्रतिभा इस प्रतियोगिता में भाग लेने से ना छूटे इसके लिए कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संपर्क करे व उनके पंजीयन कराएं।
















