वोटिंग से पहले 15 मतपत्र सील

पोस्टल बैलेट के 15 मतपत्र पैक, 21अगस्त को मूल मतदान

सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के द्विवार्षिक निर्वाचन वर्ष 2026-2028 को लेकर चुनाव प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। गुरुवार को पोस्टल बैलेट के माध्यम से हुए मतदान के कुल 15 मतपत्रों को लिफाफे में बंद कर सुरक्षित पैक कर दिया गया। अब शुक्रवार, 21 अगस्त को संघ के विभिन्न पदों के लिए मूल मतदान कराया जाएगा।


उप निर्वाचन अधिकारी एवं प्रवक्ता महेश नेमा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक पोस्टल बैलेट के जरिए कुल 15 अधिवक्ता मतदाताओं ने मतदान किया। इसके बाद मतपत्रों को सुरक्षित पैक किया गया। मुख्य मतदान 21 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित स्थान पर होगा।


निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे ने अधिवक्ता मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यदि समयावधि समाप्त होने के बाद कोई मतदाता मतदान कक्ष में पहुंचता है, तो उसे मतदान का समय अवश्य दिया जाएगा।

▪️बारिश के बीच मतदान की पूरी तैयारी

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि बारिश को देखते हुए मतदान पेटियों पर कैमरे लगाए गए हैं और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। मतदान के लिए प्रवेश गेट नंबर-3 से होगा, जबकि मतदान के बाद निकासी गेट नंबर-5 से की जाएगी।

मतदान दल के तैनात सदस्यों, अधिवक्ता परिचय पत्र तथा अन्य वैध प्रमाण के साथ ही मतदान परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी गैर-अधिवक्ता के हस्तक्षेप पर रोक रहेगी।

निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे ने मतदान प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं बिना किसी भेदभाव के संपन्न कराने की बात कही है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असामाजिकता या व्यवधान उत्पन्न करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

▪️22 अगस्त को होगी मतगणना

जारी सूचना के मुताबिक 22 अगस्त को सुबह 11 बजे से भूतल स्थित कक्ष में कैमरे की निगरानी में मतगणना होगी। इस दौरान प्रत्याशी अथवा उनके अधिकृत एजेंट उपस्थित रह सकेंगे। संपूर्ण मतगणना पूरी होने के बाद ही चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर अब सभी की निगाहें शुक्रवार होने वाले मुख्य मतदान और शनिवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।