‘वंदे मातरम्’ केवल गीत नहीं, राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक — देशभर में 150वीं वर्षगांठ पर गूंजा राष्ट्रगान, सागर में हुआ भव्य आयोजन
सागर। देशभर में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एक साथ सामूहिक राष्ट्रगान का भव्य आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा घोषित इस राष्ट्रीय उत्सव के अंतर्गत 7 नवंबर को देश के 150 प्रमुख स्थलों पर यह ऐतिहासिक क्षण एक साथ गूंजा। मध्यप्रदेश में यह आयोजन सभी 10 संभागों के प्रमुख नगरों में हुआ, जिनमें सागर भी शामिल रहा।
सागर में मोतीनगर चौराहा वीरांगना लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थल पर भाजपा द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कार्यक्रम प्रभारी देवेंद्र कटारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संगीतकार शुभांसिता ठाकुर के निर्देशन में उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। विद्यालय की छात्राओं ने भी जयघोष के साथ वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा — “‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, यह भारत माता के प्रति समर्पण, श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत ने करोड़ों भारतीयों में जोश और आत्मबल का संचार किया।” उन्होंने आगे कहा कि “यह गीत हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है और हर भारतीय के हृदय में मातृभूमि के प्रति गर्व की भावना जगाता है।”
नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने उपस्थित जनों को “स्वदेशी संकल्प” दिलाया और कहा कि “स्वदेशी अपनाना ही सच्चे अर्थों में वंदे मातरम् का पालन है।”
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि “वंदे मातरम् वह गीत है जिसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लाखों भारतीयों को देशभक्ति और त्याग की भावना से ओतप्रोत किया।”
उधर, सांसद एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. लता गुड्डू वानखेडे ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त करें। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभर में विशेष उत्सव मनाने का निर्णय लिया है, जिसके अंतर्गत 7 से 26 नवंबर तक स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और संगोष्ठियाँ आयोजित की जाएँगी।
समारोह का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम सोनी ने किया। अंत में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी उपस्थित अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
















