नगर निगम का बड़ा खुलासा: कर्मचारियों ने गरीब आवासों को किया किराए पर, तत्काल निलंबन!
सागर: बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल नगर कॉलोनी में गरीब परिवारों के लिए बनाए गए 1248 आवासों में घोटाले का भंडाफोड़ हुआ। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सोमवार को औचक निरीक्षण कर कई ब्लॉकों की जांच की।
निरीक्षण में पाया गया कि निगम के टैक्स कलेक्टर शिवकुमार प्यासी और सफाई दरोगा गोपाल रैकवार ने अपने-अपने ब्लॉकों के आवासों को अवैध रूप से किराए पर दे रखा था। आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर दिया।
जांच के दौरान सभी ब्लॉकों में बड़ी संख्या में आवासों का किराए पर दिया जाना और अनाधिकृत बिक्री का मामला सामने आया। निगमायुक्त ने सभी संदिग्ध आवासों को सील कर निगम के ताले और लाल स्याही से ‘अपात्र’ लिखा, और संबंधित आवंटन रद्द करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने साफ किया कि अब कोई भी किराए की राशि नहीं देगा, और जिनके पास पात्रता है, उन्हें उचित राशि जमा करने पर आवास और विद्युत कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने निवासियों से पुलिस को भी शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया।
निरीक्षण में उपायुक्त एसएस बघेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, उपमंत्री दिनकर शर्मा समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
















