चुनाव आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची पुनरीक्षण और सत्यापन कार्यक्रम के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर “वोट चोरी” का बड़ा राजनीतिक हमला बोल दिया है।
सागर शहर से लेकर नरयावली विधानसभा के ग्रामीण इलाकों तक कांग्रेस ने एक साथ “वोट चोर गद्दी छोड़” जनजागरण अभियान की शुरुआत कर दी है।
नरयावली विधानसभा में आयोजित बैठक में जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीसीसी विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि “भाजपा वोट चोरी को सत्ता पाने का हथियार बना चुकी है, अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर इसे रोकना होगा।”
उन्होंने कहा कि बीएलए की नियुक्ति से लेकर एसआईआर के प्रति मतदाताओं को जागरूक बनाना जरूरी है ताकि फर्जी नाम जोड़े जाने की हर कोशिश नाकाम हो।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा कि “भाजपा सरकार वोट चोरों की सरकार है, जनता कांग्रेस को वोट देती है और भाजपा चोरी कर लेती है।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे बूथ जाकर अपने वोट की जांच करें।
इसी क्रम में सागर शहर कांग्रेस ने भी काकागंज वार्ड से अभियान का आगाज किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव एवं सागर प्रभारी जितेंद्र जैन क्रांतिकारी रहे।
कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया और मतदाताओं को अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए जागरूक किया।
जैन ने कहा कि “संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है, भाजपा जनादेश चुराकर सत्ता में बनी हुई है।
राहुल गांधी और जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस जनों को जन-जन तक यह आवाज पहुंचानी है कि वोट चोरी अब नहीं चलेगी।”
पूर्व अध्यक्ष पंडित त्रिलोकी नाथ कटारे ने बताया कि “मतदान केंद्रवार वोटर लिस्ट का प्रशिक्षण शुरू किया गया है और जल्द ही अनुभवी कार्यकर्ताओं को इसकी जवाबदारियां दी जाएंगी।”
बैठक का संचालन मनोज पवार ने तथा आभार प्रवक्ता अभिषेक गौर ने व्यक्त किया।
शहर और गांव दोनों स्तर पर कांग्रेस ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह न केवल भाजपा से टक्कर लेगी, बल्कि “वोट चोरी” को मुद्दा बनाकर जनता के बीच सशक्त राजनीतिक अभियान छेड़ेगी।
















