स्वागत के बीच रणनीति की तलाश

मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल देखने को मिल सकती है, क्योंकि Ajay Singh Rahul Bhaiya 17 मार्च को सागर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब पार्टी संगठन को फिर से जमीन पर सक्रिय करने की चर्चा लगातार होती रही है।

जानकारी के अनुसार, सागर पहुंचने पर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में उनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। शाहगढ़, बंडा और मकरोनिया में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम तय किए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में स्वागत को लेकर उत्साह तो बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि क्या यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा भरेगा या फिर सिर्फ स्वागत-सम्मान तक ही सीमित रह जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार, पदमाकर नगर स्थित जिला ग्रामीण कांग्रेस कार्यालय में दोपहर 12 बजे राहुल भैया कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान स्थानीय संगठन की गतिविधियों, आगामी राजनीतिक रणनीति और जमीनी हालात पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

इसके बाद वे शहर कांग्रेस कार्यालय भी जाएंगे और वहां मौजूद कांग्रेस जनों से भेंट करेंगे। बताया जा रहा है कि शहर के कुछ वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निवास पर भी उनका जाना प्रस्तावित है, जहां राजनीतिक हालात पर अनौपचारिक बातचीत हो सकती है।

राहुल भैया का रात्रि विश्राम सागर में ही रहेगा और अगले दिन वे दमोह के लिए रवाना होंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह दौरा कांग्रेस संगठन के लिए नई दिशा तय करता है या फिर स्वागत-सम्मान और मुलाकातों के बीच ही राजनीतिक चर्चा सिमट कर रह जाती है।

इस संबंध में जानकारी जिला ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव एवं संगठन प्रभारी द्वारा दी गई है।