सागर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश महासचिव विजय साहू को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव द्वारा जारी पत्र के अनुसार हाल ही में विजय साहू ने सोशल मीडिया के माध्यम से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी जिला पदाधिकारियों की सूची को लेकर सार्वजनिक टिप्पणियां की थीं। इसे पार्टी अनुशासन के विरुद्ध माना गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर द्वारा विजय साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उनके द्वारा दिए गए जवाब को जिला कांग्रेस की अनुशासन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां इस पूरे मामले पर विचार किया गया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अनुशासन समिति द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी भी उन्हें दी गई थी, लेकिन उसके बाद भी उन्होंने समिति के निर्णय के अनुसार कोई पहल नहीं की। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर ने विजय साहू की कांग्रेस पार्टी की सदस्यता निलंबित करने का निर्णय लिया है।
यह पत्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव तथा जिला कांग्रेस संगठन मंत्री राम कुमार पचौरी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
प्रतिलिपि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Jitu Patwari, प्रभारी Harish Chaudhary, संगठन महासचिव Sanjay Kamle तथा सेवा दल के मुख्य संगठक Avneesh Bhargava को भी भेजी गई है।
















