शहर में रविवार को कलाकारों के समूह ‘रंग के साथी’ ने एक पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस प्रदर्शनी में संत प्रेमानंद महाराज के चित्र शामिल थे। यह सारे चित्र इस ग्रुप के कलाकारों ने बनाए हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन सागर के विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सपत्नीक किया। करीब सात घंटे तक चली इस पेंटिंग एक्जीबीशन को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग पहुंचे।
इस मौके पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि, प्रेमानंद महाराज सच्चे संत हैं जो समाज को सही राह दिखाते हैं। उनका व्यक्तित्व और उनके विचार प्रेरणा देने वाले हैं। ऐसे महान संत की पेंटिंग बनाने वाले कलाकारों को बधाई और साधुवाद। उन्होंने रंग के साथी ग्रुप के कलाकारों का उत्साह वर्धन किया और उन्हें सागर के कला जगत को ऊंचाई तक ले जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
संत प्रेमानंद महाराज बहुत लोकप्रिय हैं। उनके प्रति श्रद्धा भाव लोगों को इस प्रदर्शनी में खींच लाया। होटल वरदान में आयोजित इस एक्जीबीशन में 15 चित्र शामिल थे। यह चित्र, समूह के कलाकारों ने अथक मेहनत करके तैयार किए। इसके लिए यह कलाकार एक माह से अधिक समय तक जुटे रहे।
‘रंग के साथी’ ग्रुप के चित्रकार असरार अहमद, अंशिता बजाज वर्मा, अंजू मिश्रा,अर्चना तंतुवाय, मोनिका जैन, अभिषेक जैन, अक्षय दुबे, शालू सोनी, खुशाली साहू, शैलेश रैकवार, मेघा शर्मा, तुषाली और खुशी ने प्रेमानंद जी के चित्र बनाए हैं। असरार अहमद ने बताया कि वे और उनके साथी कलाकार वृंदावन में इन चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले कलाकारों की प्रेमानंद जी की और भी पेंटिंग्स बनाने की इच्छा है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में साहित्यकार शरद सिंह, प्रोफेसर अंजना चतुर्वेदी, ईएमआरसी के डायरेक्टर पंकज तिवारी, पूर्व प्राध्यापक ललित मोहन, वरिष्ठ पत्रकार सूर्यकांत पाठक, सागर विश्वविद्यालय के डा नीरज उपाध्याय, अनिरुद्ध पिंपलापुरे,सुश्री मेघा दुबे,निशा शिंदे,श्रीमती सुचिता शर्मा,उमाकांत मिश्रा,अंबिका यादव,दामोदर अग्निहोत्री, आर के पाठक आदि उपस्थित थे।











