कर्मचारियों के लिए ली 5 करोड़ की जिम्मेदारी

नगर निगम कर्मचारी संघों द्वारा महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी को ज्ञापन सौंपकर दीपावली पर्व के पूर्व वेतन एवं बकाया एरियर्स का भुगतान करने,पदोन्नति करने, शासन आदेश दिनांक से गृह भाड़ा देने, पूर्व में हड़ताल के दौरान काटे गए 7 दिवस का वेतन सहित विभिन्न मांगों को पूर्ण करने की मांग की थी जिसे महापौर ने गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को एम आई सी सदस्यों एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री की उपस्थिति में बैठककर सभी कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर 5 करोड़ रुपए का ऋण लेकर दीपावली के पूर्व वेतन देने की घोषणा की, जिस पर कर्मचारी संघों ने महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी का आभार व्यक्त किया।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि सभी कर्मचारी निगम परिवार के सदस्य हैं वेतन देना नैतिक दायित्व है,शहर का विकास हो रहा है निगम पर बिजली, स्थापना , डीजल सबसे बड़े खर्च हैं। स्मार्ट सिटी,सीवर एवं टाटा प्रोजेक्ट आने के बाद बिजली का बिल बढ़ने लगा है। निगमायुक्त ने कहा कि हम बकाया वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं, रेलवे, नगरपालिका मकरोनिया सहित सभी बकायादारों से राशि लेने की कार्रवाई की जा रही है। कर्मचारियों से क्या काम लेना है यह सुनिश्चित करना होगा। वसूली कर लेंगे तो ऋण नहीं लेना पड़ेगा। निगमायुक्त ने कर्मचारी संघों से कहा कि जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं उनकी सूची दे दें जिससे उन्हें वसूली के कार्य में लगाया जा सके ।
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई है हम सभी नगर निगम परिवार के सदस्य हैं। दीपावली पर्व आने वाला है सभी कर्मचारी दीपावली का त्यौहार अच्छे से मना सकें इसके लिए कर्मचारियों को वेतन देने के लिए 5 करोड़ रुपए का ऋण लेने की स्वीकृति प्रदान करती हूं जिसे बाद में बकाया वसूली की राशि आने के बाद चुकता कर दिया जाएगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉक्टर सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करना एवं उन्हें वेतन देना हमारा नैतिक दायित्व है पूरी परिषद कर्मचारियों के साथ है जो समस्याएं हैं उनका निराकरण किया जाएगा।
महापौर द्वारा वेतन एवं अन्य मांगों को पूर्ण करने की घोषणा करने पर कर्मचारी संघों ने आभार व्यक्त किया।