विवेकानंद पार्क में विचारों का उत्सव

संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सिविल लाइन स्थित विवेकानंद पार्क में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी जीवन, उनके विचारों, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा संकल्प फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विविध कार्यों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी का अवलोकन महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने किया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे युवाओं एवं समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन एक सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित संगठन है, जो सेवा, शिक्षा एवं आध्यात्मिक विकास को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानता है। फाउंडेशन जरूरतमंदों की सेवा, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं मूल्यनिष्ठ बनाना है।

संकल्प फाउंडेशन द्वारा सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, मानवीय सहायता, महिला एवं बाल उत्थान तथा नैतिक चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। संस्था की विचारधारा महान युगपुरुष स्वामी विवेकानंद जी के जीवन एवं दर्शन से गहराई से प्रेरित है। स्वामी जी का संदेश – “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” – आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

प्रदर्शनी के माध्यम से संकल्प फाउंडेशन ने समाज को यह संदेश दिया कि यदि हम स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करें तो एक सशक्त, संस्कारवान और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।