नगर निगम सागर में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) एवं मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 को लेकर पार्षद दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने पार्षदों को इस प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रणाली की नींव को मजबूत करता है, इसलिए प्रत्येक पार्षद को इसमें विशेष रुचि लेकर सक्रियता से कार्य करना चाहिए।”
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने प्रक्रिया की बारीकियों और इससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने भी पार्षदों को पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया और सुनिश्चित करने को कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो।
















