नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मंगलवार को भोपाल प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आनंद प्रकाश राणे से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य मकरोनिया चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य को ‘वन टाइम इम्प्रूवमेंट’ (OTI) योजना में शामिल कराकर जल्द शुरू करवाना है।
गडकरी जी ने दी थी सहमति
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विदिशा प्रवास के दौरान विधायक श्री लारिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इन कार्यों की स्वीकृति का अनुरोध किया था। मंत्री जी द्वारा दी गई सैद्धांतिक सहमति के बाद अब विधायक लारिया इन परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने मुख्य अभियंता से अनुरोध किया कि फ्लाईओवर और अन्य कार्यों की डीपीआर (DPR) की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर कार्य धरातल पर शुरू किया जाए।
प्रमुख प्रस्ताव जो योजना में शामिल हैं
तीन बड़े प्रस्तावों पर चर्चा
◼️मकरोनिया फ्लाईओवर
सागर-छतरपुर मार्ग पर स्थित व्यस्त मकरोनिया चौराहे पर ₹155 करोड़ की लागत से 2.2 किमी लंबा फ्लाईओवर।
◼️टाउन पोर्शन सुधार
मकरोनिया चौराहे से बहेरिया तिराहा तक ₹12.50 करोड़ की लागत से सुधार कार्य।
◼️पुराने पुलों का पुनर्निर्माण
इसी मार्ग पर स्थित तीन पुराने पुलों का ₹22 करोड़ की लागत से नया निर्माण।
जनता को मिलेगी जाम से मुक्ति
विधायक प्रदीप लारिया ने बताया कि मकरोनिया चौराहा बेहद व्यस्त क्षेत्र है, जहाँ से झांसी, छतरपुर, जबलपुर और नरसिंहपुर के लिए भारी यातायात गुजरता है। फ्लाईओवर बनने से स्थानीय निवासियों और यात्रियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
















