भाजपा नेताओं की शह पर भ्रष्टाचार: कांग्रेस

नगर निगम सागर में व्याप्त भ्रष्टाचार, घोटालों, कमीशनखोरी और कांग्रेस पार्षदों की निरंतर अनदेखी के खिलाफ जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने नगर निगम कार्यालय के सामने जंगी धरना-प्रदर्शन किया। महेश जाटव द्वारा जिला शहर कांग्रेस की बागडोर संभालने के बाद पहली बार किए गए विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने सैकड़ों की संख्या में उपस्थित होकर अभूतपूर्व एकजुटता का प्रदर्शन भी किया।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नगर निगम सागर पूरी तरह से भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। निगम प्रशासन भाजपा विधायक तथा नेताओं के इशारे पर कांग्रेस पार्षदों की आवाज को दबा रहा है, और जनता की गाढ़ी कमाई को लूट में लगाया जा रहा है। अब कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने नगर निगम आयुक्त व महापौर को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ज्ञापन में उल्लेखित सभी 13 बिंदुओं पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेसजन चरणबद्ध आंदोलन करते हुए नगर निगम का घेराव करेंगे। भ्रष्टाचारियों और कमीशनखोरों को हर हाल में बेनकाब किया जाएगा।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबूसिंह यादव बब्बू ने अपने सम्बोधन में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं में खुलेआम भ्रष्टाचार कर पात्र गरीबों को मकान से वंचित करते हुए दलालों को लाभ दिया जा रहा है। आवारा पशुओं और अव्यवस्थित ट्रैफिक से जनता त्रस्त है लेकिन नगर निगम प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

कांग्रेस नेताओं ने जोरदार नारेबाजी कर नगर निगम पर जमकर लगाए आरोप

धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन को घेरते हुए जमकर नारेबाजी की और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जोरदार मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम पूरी तरह से भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है, जहाँ जनता के टैक्स का पैसा विकास कार्यों में लगने की बजाय घोटालों और दलाली में डुबोया जा रहा है।

धरना प्रदर्शन के समापन में कांग्रेसजनों ने नगर निगम कार्यालय के गेट पर पहुंचकर महापौर तथा आयुक्त के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करते हुए 13 सूत्रीय मांग पत्र नगर निगम प्रशासन को सौंपा।

     धरना प्रदर्शन का संचालन कांग्रेस नेता रामकुमार पचौरी ने किया।

ज्ञापन का वाचन पार्षद सुरेखा राय तथा आभार प्रदर्शन आनंद हेला ने किया।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव द्वारा नगर निगम प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्षदों और विपक्ष के नेता को निगम की बैठकों से वंचित कर उनके वार्डो में विकास कार्यों की अपेक्षा की जा रही है। जिसके चलते लोकतांत्रिक व्यवस्था का गला घोंटा जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में जानबूझकर विकास कार्यों को रोका जा रहा है और योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा निर्माण कार्यों में 30 से 40 प्रतिशत कमीशनखोरी कर घटिया क्वालिटी के निर्माण कार्य करने वाले भ्रष्ट ठेकेदारों को संरक्षण दिया जा रहा है। ज्ञापन में तालाब की दुर्दशा, पार्कों की अनदेखी और शहर में फैले अवैध होर्डिंग्स व अतिक्रमण पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं।