तिरंगे तले नगर निगम, गूंजा जन-गण-मन

राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम कार्यालय में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने पार्षदों, अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन हमें हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है।

महापौर ने कहा कि देश के अमर शहीदों और संविधान निर्माताओं के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों का उपयोग कर पा रहे हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वच्छता, पारदर्शिता, जनसेवा और विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएं तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करें।

महापौर ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के पालन का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति नारों के साथ हुआ।

मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए

गणतंत्र दिवस समारोह के बाद शहर के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कबाड़ से जुगाड अंतर्गत बनाई गई आकर्षक संरचनाएं को पीटीसी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने रवाना किया.

निगमायुक्त राजकुमार खत्री द्वारा नवाचार कर कबाड़ से जुगाड अंतर्गत बनाई गई आकर्षक संरचनाएं तोप, रेडियो एवं भारत माता की झांकी को पीटीसी ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए महापौर, निगम अध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने रवाना किया।