अनुशासन और स्पोर्ट्समैनशिप का अद्भुत संगम

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र. 1 सागर में ऊर्जा, उत्साह और उमंग के साथ वार्षिक खेलकूद दिवस सम्पन्न

सागर, 5 दिसम्बर।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्र. 1 सागर में वार्षिक खेलकूद दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मैदान ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना के अद्भुत संगम से गूंज उठा। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विश्व चैंपियन एवं देश के लिए कई पदक जीत चुके कूडो खिलाड़ी सोहेल खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कूडो एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. ऐजाज खान और समाजसेवी रामसिंह रघुवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश

उद्घाटन सत्र में प्राचार्य मनीष गुप्ता ने अतिथियों का हरित अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यालय संगठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत है। मुख्य अतिथि सोहेल खान ने विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ मैदान में उतरने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “जीत-हार से ऊपर उठकर अपना सर्वश्रेष्ठ देना ही सच्ची सफलता है। खेल जीवन को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

आकर्षक मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुति

विद्यालय कप्तान समीर सिंह, गार्गी मिश्रा, खेल कप्तान कृष्णा पटेल और आकांक्षा कुमारी के नेतृत्व में किया गया मार्च-पास्ट बेहद आकर्षक रहा। विद्यालय की बैंड पार्टी ने वातावरण में जोश भर दिया, वहीं स्वागत गीत ने समारोह को संगीतमय बना दिया।

पूर्व छात्रों की स्मृति में सम्मान

एसजीएफआई में कांस्य पदक जीत चुकी पूर्व छात्रा स्व. फातिमा अंजुम खान की स्मृति में कूडो एसोसिएशन मध्यप्रदेश की ओर से एक रनिंग ट्रॉफी विद्यालय को भेंट की गई। यह ट्रॉफी हर वर्ष विजेता सदन को दी जाएगी।

पूर्व छात्र स्व. हर्षवर्धन सिंह चौहान की स्मृति में उनके पिता राम सिंह चौहान ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यालय के 24 खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

दिव्यांग बच्चों का उत्साह बना प्रेरणा

समारोह का सबसे प्रेरणादायी हिस्सा रहा दिव्यांग विद्यार्थियों का खेल प्रदर्शन—बैलून ब्लास्ट, कलेक्ट कप्स बाय बैलून जैसी गतिविधियों ने सभी का दिल जीत लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को मेडल प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

रोमांचक स्पर्धाओं में दिखी प्रतिभा

खेल शिक्षक डॉ. नईम अहमद खान ने वर्षभर की खेल गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

अलग-अलग आयु वर्गों में 100, 200, 400 मीटर दौड़, रिले रेस, हाई जंप सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं। शिक्षकों ने भी पूरी ऊर्जा के साथ रेस और रस्साकशी में भाग लिया।

इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ सदन (हाउस) पुरस्कार शिवाजी सदन ने अपने नाम किया।

समापन

वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सरिता सिंह ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन ग्रीष्मा जैन और इकरा जवी ने किया। राष्ट्रगान के साथ खेल महोत्सव का सफलता पूर्वक समापन हुआ।