उत्साह के साथ संपन्न हुआ शिव विवाह

महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर पंतनगर स्थित बालाजी पुरम कॉलोनी -2 में नवनिर्मित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव विवाह उत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पिछले वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भगवान शिव के विवाह की सभी धार्मिक रस्में विधि-विधान से पूर्ण कराई गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का वातावरण बना रहा।

महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व कॉलोनी के महिला मंडल द्वारा भगवान शिव को तेल, हल्दी एवं मेंहदी अर्पित करने की रस्म का भव्य आयोजन किया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए भगवान शिव , माता पार्वती जी , गणेश जी एवं कार्तिकेय जी का श्रृंगार किया तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। 

कालोनी वासियों द्वारा आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट, फूलों और रंगोली से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर की शोभा और अधिक बढ़ गई।

महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की बारात गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ पूरे क्षेत्र में धूमधाम से निकाली गई। बारात में श्रद्धालु नृत्य करते हुए शामिल हुए तथा “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। भगवान शिव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कॉलोनी के गणमान्य नागरिकों, महिला मंडल सदस्यों, युवाओं एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सद्भाव को भी बढ़ावा मिलता है।