नगर निगम प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पूर्व बकाया करों की वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी सहित सभी कर संग्राहकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों से संपर्क कर उन्हें समय सीमा के भीतर बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार यदि संपत्ति कर की राशि 31 मार्च के पूर्व जमा नहीं की जाती है तो 1 अप्रैल के बाद देय कर की राशि दोगुनी हो जाएगी, जिसमें किसी भी प्रकार की छूट प्रदान नहीं की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि सभी कर संग्राहक घर-घर संपर्क कर नागरिकों को कर जमा करने की अंतिम तिथि की जानकारी दें तथा उन्हें यह भी अवगत कराएं कि समय पर कर जमा करने से अनावश्यक आर्थिक भार से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन वार्डों में कर वसूली शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, वहां मुनादी कराकर नागरिकों को शिविर स्थल एवं समय की सूचना दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग उपस्थित होकर अपने करों का भुगतान कर सकें।
आयुक्त ने राजस्व अमले को चेतावनी देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पूर्व लक्ष्य अनुसार वसूली सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी कर संग्राहक द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो संबंधित के विरुद्ध वेतन वृद्धि रोकने सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संपत्ति कर के साथ-साथ जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया तथा अन्य देय करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा शहर के विकास कार्यों में सहयोग के लिए समय पर अपने करों का भुगतान करें। करों से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा जनहितकारी योजनाओं के संचालन में किया जाता है, जिससे पूरे शहर को लाभ मिलता है। अतः सभी नागरिक 31 मार्च से पूर्व अपने बकाया करों की राशि नगर निगम कार्यालय अथवा निर्धारित शिविरों में जमा कराकर अतिरिक्त भार से बचें और शहर के विकास में सहभागी बनें।
भाग्योदय तीर्थ चिकित्सालय ने 10 लाख रुपए संपत्तिकर की राशि जमा की
नगर निगम के बकाया संपत्तिकर,जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क आदि की वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को भाग्योदय तीर्थ चिकित्सालय द्वारा 10 लाख रुपए बकाया कर की राशि जमा की गई। निगमायुक्त ने राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को निर्देश दिए हैं कि बड़े बकायाकरों की राशि को जमा कराने के लिए सख्त कार्रवाई करें।
आज बकाया करों की राशि जमा करने हेतु विशेष कैंप
नगर निगम द्वारा 25 फरवरी बुधवार को संपत्तिकर,जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया आदि जमा करने हेतु विशेष कैंप का आयोजन नगर निगम एवं सभी जोन कार्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि अपने बकाया करों की राशि जमा कर सहयोग प्रदान करें।
















